पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ: सदर विधायक ने फीता काटकर पल्स पोलियो का किया शुभारंभ, बच्चों को पिलाई गई दो बूंद जिंदगी की
- By UP Samachaar Plus --
- Sunday 08 Dec, 2024
- 208
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महाराजगंज, 8 दिसंबर। जिला महिला चिकित्सालय में शनिवार को पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने फीता काटकर किया। इस अभियान का आयोजन जिला स्वास्थ्य समिति के तत्वावधान में किया गया।
विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि पोलियो मुक्त भारत के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। समय-समय पर गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए चलाए गए अभियानों से बच्चों के स्वास्थ्य की चिंता की गई है। आज से फिर से पोलियो मुक्त भारत की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत देशभर में शून्य से पांच साल तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई जाएगी।
विधायक ने लोगों से आह्वान किया कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा पोलियो ड्रॉप्स से वंचित न रहे। उन्होंने कहा, "पोलियो की दो बूंद जिंदगी की है, इसे हर बच्चे को पिलाना जरूरी है ताकि भविष्य में पोलियो से पूर्ण मुक्ति पाई जा सके और हमारे नौनिहाल दिव्यांगता से बच सकें।"
पोलियो से बचाव का एकमात्र उपाय: सीएमओ
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.के. शुक्ला ने कहा कि पोलियो बच्चों में आजीवन दिव्यांगता का कारण बन सकता है। यह एक कष्टदायक बीमारी है, और इससे बचाव का एकमात्र उपाय पोलियो ड्रॉप्स है। उन्होंने सभी माता-पिता से अपील की कि वे अपने शून्य से पांच साल तक के बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स जरूर पिलाएं।
कार्यक्रम में डॉ. वीरेंद्र आर्य, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. ए.के. त्रिपाठी, डॉ. उमेश चंद्रा, सत्येंद्र सिंह और संजीव शुक्ला समेत कई अन्य चिकित्सक और अधिकारी उपस्थित रहे।

